Sunday, January 18, 2026
spot_img

1.82 लाख वाहनों में से सिर्फ 54273 ने लगाए ‘HSRP’ प्लेट

88 हजार 592 वाहन मालिकों ने कराया रजिस्ट्रेशन
मिदुप श्रीवास्तव
गोंदिया : केंद्र सरकार ने अप्रैल 2019 से पहले के सभी वाहनों के लिए HSRP प्लेट लगवाना अनिवार्य किया है. जिले में अप्रैल 2019 से पहले के 1 लाख 82 हजार वाहनो की संख्या हैं. जिसमे से 88 हजार 592 वाहन मालिकों ने एचएसआरपी प्लेट के लिये रजिस्ट्रेशन कराया हैं. इनमें से केवल 54 हजार 273 वाहनों पर एचएसआरपी प्लेट लगाए गए है. जिले के वाहन मालिक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने में उदासीन दिखाई दे रहे हैं.
सर्वोच्च न्यायालय ने वाहनों से होने वाले अपराधों को कम करने, वाहनों की पहचान करने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़, जालसाजी से होने वाले अपराधों को कम करने और वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभाग को वाहनों पर ‘HSRP’ नंबर प्लेट लगाने का निर्देश दिया है. इसके बाद परिवहन विभाग के माध्यम से राज्य में इस निर्णय का क्रियान्वयन चल रहा है. अप्रैल 2019 से पहले निर्मित सभी पुराने पंजीकृत वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य कर दिया गया है. जिसके तहत गोंदिया के उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालय के माध्यम से नंबर प्लेट के लिए रजिस्ट्रेशन कर ‘HSRP’ नंबर प्लेट लगाए जा रहे है. अप्रैल 2019 से पहले के 1 लाख 82 हजार वाहन हैं. एचएसआरपी नंबर प्लेट इन सभी वाहनों में लगवाना जरूरी है. अब तक 88 हजार 592 वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है, जिनमें से 54 हजार 273 वाहनों में एचएसआरपी प्लेट लगाई जा चुकी है. इस नंबर प्लेट के कारण चोरी हुए वाहन का सेंसर की मदद से तुरंत पता लगाना संभव हो सकेगा. जिससे वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलेगी. जिले के वाहन मालिकों की उदासीनता के कारण 30 नवंबर तक एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की दी गई डेड लाइन और भी बढ़ने की आशंका दिख रही है.

सुविधा के लिए 16 केंद्र…
जिन मालिकों के वाहन अप्रैल 2019 से पहले के हैं, वे सभी परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर एचएसआरपी के लिए पंजीकरण कराएं. इस कार्य के लिए परिवहन विभाग ने शहर के साथ जिले में 16 केंद्र शुरू किए हैं. ऑनलाईन पद्धती से रजिस्ट्रेशन कर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की सुविधा उपलब्ध है. यदि कोई समस्या या जानकारी चाहिए तो गोंदिया में उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालय में एक हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है. वहां दो मोटर वाहन निरीक्षक और दो कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं. यह चालकों को सभी प्रासंगिक जानकारी उपलब्ध करा रहे है.

2019 से पहले के वाहनों की संख्या…
उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालय की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में अप्रैल 2019 से पहले के कुल 1 लाख 82 हजार वाहन है. जिसमें दोपहिया वाहन 1 लाख 59 हजार 418, चारपहिया वाहन (कार) 13 हजार 43, मालवाहक 4 हजार 329, तीनपहिया 418, ट्रैक्टर 4 हजार 374 इन वाहनों का समावेश हैं.

प्लेट लगाने की अंतिम तिथी 30 नवंबर…
सभी वाहन मालिकों को 30 नवंबर तक अपने वाहनों पर ‘HSRP’ नंबर प्लेट लगा लेनी चाहिए. यदि आपको इस संबंध में कोई समस्या हो तो कृपया आरटीओ कार्यालय हेल्प डेस्क या वेबसाइट से संपर्क करें. अगर समय सीमा के भीतर एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लगाई गई तो वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा.
राजेंद्र केसकर, उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी, गोंदिया

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

और पढ़ें

Most Popular