दिवाली से पहले नुकसानग्रस्त परिवारों के खातों में पहुंचेगी मुआवजे की राशि, वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे प्रभावितों को मिलेगी आर्थिक सहायता
गोंदिया : प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए विधायक विनोद अग्रवाल द्वारा शासन स्तर पर किए गए निरंतर प्रयासों के बाद गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के नुकसानग्रस्त परिवारों के लिए 90 लाख रुपये की निधि मंजूर की गई है। वर्ष 2023-24 के दौरान हुई अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा के चलते क्षेत्र के अनेक गांवों में मकानों और मवेशियों के गोठों को भारी क्षति पहुंची थी। अब शासन की मंजूरी के बाद प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
गौरतलब है कि अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदा के चलते जब गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लोगों के मकानों और पशुओं के आश्रय स्थलों को नुकसान पहुंचा था, तब विधायक विनोद अग्रवाल ने प्रभावित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष दौरा कर हालात का जायजा लिया था। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल नुकसान के पंचनामे तैयार कर शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए थे। मामले को लेकर विधायक अग्रवाल ने लगातार शासन स्तर पर पैरवी की और प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रयास जारी रखे। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अब गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रभावित गांवों में मकानों एवं गोठों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 90 लाख रुपये की निधि को शासन से मंजूरी मिली है। विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों का घर और पशुधन का आश्रय स्थल प्रभावित हुआ, उनके लिए यह आर्थिक सहायता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंजूर निधि की राशि दिवाली पूर्व सभी पात्र नुकसानग्रस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि त्योहार के अवसर पर प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके। विधायक अग्रवाल की इस पहल से प्राकृतिक आपदा के बाद आर्थिक सहायता की प्रतीक्षा कर रहे अनेक परिवारों में राहत की उम्मीद जगी है। अब प्रभावित लाभार्थियों की निगाहें दिवाली से पहले मुआवजे की राशि खातों में जमा होने पर टिकी हैं।
अतिवृष्टि पीड़ितों के लिए विधायक विनोद अग्रवाल की पहल लाई रंग, 90 लाख की निधि मंजूर
RELATED ARTICLES









