गोंदिया : गोंदिया शहर पुलिस ने अपनी तत्परता और कुशल कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए चोरी की एक वारदात का महज 6 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर 1 लाख 70 हजार रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। बरामद सामग्री में एक एसी का आउटडोर यूनिट और चार बड़ी एलईडी टीवी शामिल हैं। पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्रवाई से शहर पुलिस की कार्यकुशलता सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विकास दिगंबर रहांगडाले (28), निवासी हिरडामाली, तहसील गोरेगांव, जिला गोंदिया, गोंदिया स्थित फ्लिपकार्ट कुरियर हब में इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। 31 अक्टूबर 2026 की रात 1 बजे से सुबह 11 बजे के बीच अज्ञात चोर ने कुरियर हब से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान में पैनासोनिक कंपनी का एक एसी आउटडोर यूनिट (कीमत 40 हजार रुपये), सैमसंग कंपनी की 55 इंच की तीन एलईडी टीवी (कुल कीमत 99 हजार रुपये) तथा टीसीएल कंपनी की 55 इंच की एक एलईडी टीवी (कीमत 31 हजार रुपये) शामिल थी। इस मामले में शिकायत के आधार पर 2 नवंबर 2026 को गोंदिया शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 982/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331(3), 331(4) एवं 305(ए) के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक प्रवीण बोरकुटे के मार्गदर्शन में महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका बैस कर रही हैं। 2 नवंबर को पुलिस निरीक्षक प्रवीण बोरकुटे के मार्गदर्शन में डीबी (डिटेक्शन ब्रांच) की टीम चोरी गए माल और आरोपी की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि संजयनगर मुरी मरघट परिसर में टीवी जैसी कुछ सामग्री लावारिस हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां पड़ी सामग्री की पड़ताल करने पर वह फ्लिपकार्ट कुरियर हब से चोरी गया सामान निकला। पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में जब्ती पंचनामा तैयार कर एक पैनासोनिक एसी आउटडोर यूनिट, सैमसंग कंपनी की तीन 55 इंच टीवी और टीसीएल कंपनी की एक 55 इंच टीवी सहित कुल 1 लाख 70 हजार रुपये का माल जब्त कर लिया।
इन्होंने की कार्रवाई…
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेशचंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में गोंदिया शहर पुलिस निरीक्षक प्रवीण बोरकुटे, डीबी पथक की महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका बैस, सहायक फौजदार कवलपालसिंग भाटिया, पुलिस हवलदार सुदेश टेंभरे, निशिकांत लोंदासे, कमलेश शहारे तथा पुलिस कर्मचारी दिनेश बिसेन, सुभाष सोनवाने, अशोक रहांगडाले, मुकेश रावते, प्रमोद शेंडे, सोनू नागपुरे, राकेश बंजारे, अजय बोपचे एवं राकेश डोंगरवार ने की।









