Tuesday, July 28, 2026

गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते पर कालीख; शिक्षक पर तीन नाबालिग छात्राओं से विनयभंग का आरोप

– गोंदिया के गिरोला गांव की घटना, ग्रामीणों में आक्रोश
– आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
गोंदिया : गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर घटना गोंदिया तहसील में सामने आई है। पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले गिरोला (कामठा) स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय के 55 वर्षीय शिक्षक पर तीसरी कक्षा की तीन नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकत (विनयभंग) करने का आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। नाराज ग्रामीणों ने रावणवाड़ी पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह गोंदिया तहसील के डांगोरली स्थित विद्यालय में कार्यरत था, जहां एक नाबालिग छात्रा के साथ विनयभंग करने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि पहली घटना के बाद भी उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण उसने दोबारा ऐसी शर्मनाक हरकत करने का साहस किया। गिरोला विद्यालय की छात्राओं के साथ हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने रावणवाड़ी पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी धाराओं के तहत तत्काल मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मामले में पुलिस पीड़ित छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। रावणवाड़ी के पुलिस निरीक्षक रामदास शेवते ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, समूह शिक्षा अधिकारी एम. एल. मेश्राम ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद पंचायत समिति को शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित शिक्षक के निलंबन का प्रस्ताव जिला परिषद को भेजा जाएगा।

सेवा से बर्खास्त करने की मांग…
बार-बार विनयभंग जैसे गंभीर मामलों में नाम आने के बावजूद संबंधित शिक्षक अब तक सेवा में कैसे बना हुआ है, इस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular