सालेकसा पुलिस की कार्रवाई ; 37 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त
गोंदिया : सालेकसा पुलिस थाना क्षेत्र में ट्रक और ट्रैक्टर की बैटरियां चोरी करने वाले दो शातिर चोरों समेत चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी दुकानदार को सालेकसा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 37 हजार रुपये कीमत की 7 बैटरियां बरामद की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सालेकसा क्षेत्र के ट्रक एवं ट्रैक्टरों से बैटरियां चोरी होने की शिकायत डोंगरगांव में दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आशित शंकर रहांगडाले (31) और ऋत्विक बस्तीरा कटकार (25) दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने किराए की चारपहिया वाहन लाकर सालेकसा से बैटरियां चोरी करने की बात कबूल की। साथ ही चोरी की बैटरियां फुलचूर निवासी कबाड़ी दुकानदार कैलास संजय चौधरी (35) को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कैलास चौधरी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की बैटरियां खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से 37 हजार रुपये का चोरी का माल जब्त किया। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ सालेकसा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में गोंदिया के पुलिस हवलदार गायधने, छगन विट्ठले, तिरोड़ा पुलिस स्टेशन के थानेदार अमित वानखेड़े, कैलाश ठाकरे तथा तिरोड़ा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय के हवालदार नितेशे गोस्वामी ने की।





