धान की फसल को नुकसान होने की आशंका; जिला प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
गोंदिया : जिले के तिरोड़ा तहसील अंतर्गत आने वाले बोदलकसा जलाशय की पाल में आंशिक रूप से दरार पड़ने की घटना से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की गई है। जलाशय से पानी का बहाव शुरू होने के कारण धान की फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
बोदलकसा जलाशय की क्षमता 0.55 टीएमसी है और यह एक छोटा जलाशय है। इसलिए किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं होने की बात प्रशासन की ओर से स्पष्ट की गई है। हालांकि, पानी का बहाव जारी रहने के कारण पाल में पड़ी दरार बढ़ने की जानकारी सामने आई है। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए संबंधित विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। जलाशय से पानी के बहाव के कारण संभावित नुकसान को रोकने के लिए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस बीच, तिरोड़ा के विधायक विजय रहांगडाले और जिलाधिकारी मंदार पत्की ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।
किसानों की बढ़ी चिंता…
वर्तमान में धान की फसल का मौसम चल रहा है। ऐसे में जलाशय की पाल में दरार पड़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। पानी का बहाव बढ़ने पर खेतों में पानी घुसने और खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में सिंचाई विभाग की ओर से की जा रही उपाययोजनाओं पर आसपास के किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।





