Tuesday, September 22, 2026
spot_img
spot_img
spot_img

तांबे के तार चोरी करने वाला गिरफ्तार; कार सहित 6.16 लाख का माल जब्त

गोंदिया : डुग्गीपार थाने के तहत कोहमारा स्थित हार्डवेयर दुकान का ताला तोड़कर तांबे के तार चोरी करने वाले आरोपी को स्थानीय अपराध शाखा गोंदिया की टीम ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से चोरी किए गए 210 किलो तांबे के तार और वारदात में इस्तेमाल की गई कार सहित कुल 6 लाख 16 हजार रूपये का माल जब्त किया गया है. आरोपी ने नवेगांवबांध टी-पॉइंट स्थित एक अन्य हार्डवेयर दुकान में भी चोरी करने की बात कबूल की है.
जानकारी के अनुसार, कोहमारा निवासी नंदकिशोर खुशाल कापगते (38) ने डुग्गीपार थाने में उनकी मोटरपंप बिक्री व रिवाइंडिंग की दुकान का ताला तोड़कर करीब 100 किलो तांबे के तार और नकदी सहित कुल 60 हजार रूपये का माल चोरी होने की शिकायत दर्ज की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे को मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए. इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की. 9 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वारदात में भंडारा जिले के अर्जुनी पुनर्वसन/गिरोला निवासी अविनाश विजय राघोर्ते (29) और उसके साथी शामिल हैं. पुलिस ने भंडारा से अविनाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कोहमारा स्थित हार्डवेयर दुकान तथा नवेगांवबांध टी-पॉइंट स्थित संजय हार्डवेयर दुकान में चोरी करने की बात कबुल की. आरोपी के पास से पुलिस ने 1 लाख 16 हजार रु. कीमत का 210 किलो तांबे के तार, 5 लाख रूपये कीमत की चौपहिया वाहन ऐसा कुल 6 लाख 16 हजार रूपये का माल जब्त किया है. आरोपी को आगे की जांच के लिए डुग्गीपार पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अमरदीप खाडे, अभिषेक जंगमवार, पुलिस हवलदार तुलसीदास लुटे, दुर्गेश तिवारी, प्रकाश गायधने, पुलिस शिपाई सुनील डहाके, राकेश इंदुरकर, चापोशि विलेश ठाकरे, डुग्गीपार थाने के पुलिस निरीक्षक जगदीश सोनटक्के, सहायक पुलिस निरीक्षक जावेद शेख, पुलिस हवलदार गुनवंत कठाने, पुलिस शिपाई लांजेवार तथा साइबर सेल के सहायक पुलिस निरीक्षक देविदास ठमके, महिला पुलिस नायब सिपाही शीतल कोचे, योगेश रहीले और पुलिस शिपाई अनिकेत चांदेवार द्वारा की गई.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular