गोंदिया : सेवानिवृत्त मुख्याध्यापिका के संशोधित पेंशन बिल को मंजूर कराने और उसका चेक देने के लिए 4 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए पंचायत समिति गोंदिया के आस्थापना विभाग में कार्यरत कनिष्ठ सहायक को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 17 सितंबर 2026 को गोंदिया में की गई। आरोपी का नाम संदीप शाहूराव सानप (उम्र 31) हनुमान कॉलोनी, कुडवा, गोंदिया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जिला परिषद केंद्रीय प्राथमिक स्कूल दवनीवाड़ा से मुख्याध्यापिका पद से दिसंबर 2020 में सेवानिवृत्त हुई थी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पंचायत समिति के शिक्षा विभाग से पेंशन मिल रही थी। पेंशन की राशि कम मिलने का पता चलने पर उन्होंने इसमें सुधार कर कटौती की राशि दिलाने के लिए पंचायत समिति शिक्षा विभाग में आवेदन किया था। इस काम के संबंध में वह पंचायत समिति के स्थापना विभाग में कार्यरत कनिष्ठ सहायक संदीप सानप से मिली। आरोप है कि सानप ने बताया कि उनका बिल 5 लाख रूपये से अधिक का है और उसे मंजूर कराने के लिए 5 हजार रूपये देने होंगे। उस समय शिकायतकर्ता के पास मौजूद 1 हजार रूपये उसने ले लिए और शेष 4 हजार रूपये चेक तैयार होने के बाद देने को कहा। रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने के कारण शिकायतकर्ता ने 17 सितंबर को गोंदिया एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पंच और वॉइस रिकॉर्डर के साथ पंचायत समिति के स्थापना विभाग में रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान सानप ने संशोधित पेंशन बिल का काम कर चेक देने के लिए शेष 4 हजार रूपये की मांग की और रकम स्वीकार करने की तैयारी दर्शाई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को पंच के साथ रिश्वत की रकम देकर आरोपी के पास भेजा गया। सानप ने जैसे ही 4 हजार रुपए स्वीकार किए। एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ शहर थाने में मामला दर्ज किया गया.
इन्होंने की कार्रवाई…
यह कार्रवाई एसीबी पुलिस निरीक्षक अरविंद राऊत के नेतृत्व व पर्यवेक्षक पुलिस उपअधीक्षक निलेश लोधी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक उमाकांत उगले, एएसआई करपे, पुलिस हवलदार बोहरे, कहालकर, NPC शेन्डे, बोपचे, काटकर, NPC कापसे, NPC सोनवने, LNPC पटले, LNPC डांगे ने की।





