Monday, January 19, 2026
spot_img

ताड़ोबा की ‘जीनत’ ने की झारखंड, बंगाल की सैर

– 20 दिनों में करीब 300 कि.मी. का किया सफर
– यमुना भी कोर जोन छोड़ गई दूसरे अभयारण्य में
चंद्रपुर : ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की बाघिन शावक ‘जीनत’ के ओडिशा के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में छोड़े जाने के बाद वहां से निकलकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक की 20 दिन की सैर करने की जानकारी है. कॉलर आईडी लगी जीनत ने ओडिशा के वन अधिकारियों को चकमा देकर करीब 250 से 300 कि.मी. का सफर कर लिया.
सिमिलिपाल के सहायक वन संरक्षक प्रदीप डे ने बताया कि 29 दिसंबर 2024 को पश्चिम बंगाल में पकड़ी गई जीनत के आज-कल में सिमिलिपाल पहुंचने की संभावना है. जीनत को ट्रांसलोकेशन के तहत 14 नवंबर, 2024 को यमुना नाम की दूसरी वाघिन शावक के साथ सिमिलिपाल भेजा गया था. दस दिन एक विशेष बाड़ा में रखने के बाद 24 नवंबर को उसे जंगल में छोड़ दिया गया. लेकिन यह आठ दिसंबर को सिमिलिपाल से पश्चिम बंगाल की सैर पर निकल पड़ी. जानकारी के अनुसार, ओडिशा छोड़ने के वाद जीनत झारखंड पहुंची और वहां से 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के बेलपहाड़ी इलाके में पहुंच गई रेडियो कॉलर का सिग्नल कमजोर होने से उसे ट्रैक करना मुश्किल हो रहा था. इससे अधिकारी परेशान हो रहे थे. 22 दिसंबर को मिले सिग्नल से पता चला कि वह दो दिनों में 50 किमी से ज्यादा चलकर पुरुलिया जिले के बंदवान जंगलों में पहुंच गई है. 23 दिसंबर तक उसे बांकुरा जिले की सीमा के पास देखा गया. कुछ दिन बाद वह बंदवान जंगल से उसी जिले के मानबाजार 2 रेंज में चली गई. 28 दिसंबर को जीनत को बांकुरा के रानीबंध उपखंड के गोसाईंदीही में देखा गया, जहां आखिरकार 29 दिसंबर की दोपहर उसे पकड़ लिया.

डार्ट्स भी निकालने में हो जाती थी सफल….
जीनत न केवल ट्रैकोलाइजर डार्टस से बच निकलती थी, बल्कि जो डार्ट्स उसे लग जाते थे, उन्हें वह निकालने में सफल हो जाती. जीनत ने न सिर्फ जंगली इलाके की सैर की, बल्कि उसे रेलवे ट्रैक पार करते, एक पुरानी हवाई पट्टी से गुजरते और इंसानी बस्तियों के पास से गुजरते हुए देखा गया. सिमिलिपाल के सहायक वन संरक्षक प्रदीप डे ने बताया कि ताड़ोबा से लाई गई दूसरी बाघिन शावक यमुना ने भी सिमिलिपाल का कोर जोन छोड़ दिया है. वह पहले बफर में गई तथा अब उससे सटे राष्ट्रीय अभयारण्य में है. उसे ट्रैक किया जा रहा है. उम्मीद है कि वह कोर जोन में लौट आएगी.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

और पढ़ें

Most Popular