Monday, May 25, 2026

कत्ल के लिए ले जाए जा रहे 13 गोवंशों को पुलिस ने बचाया, 4 आरोपियों पर मामला दर्ज

गोंदिया : स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) गोंदिया पुलिस ने अवैध रूप से गोवंश पशुओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 13 गोवंश पशुओं को मुक्त कराया है, जिन्हें कथित तौर पर कत्ल के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा की टीम जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सालेकसा थाना क्षेत्र के पानगांव (साखरीटोला) के खेत परिसर में कुछ लोग चारपहिया वाहन में गोवंश पशुओं को क्रूरता से भरकर कत्ल के लिए ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पानगांव स्थित नहर किनारे खेत क्षेत्र में छापा मारा। वहां एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन में 6 गोवंश पशुओं को बेरहमी से ठूंसकर बांधा गया था। वहीं आसपास निरीक्षण करने पर 7 अन्य गाय और बैल वाहन में भरने के लिए बांधकर रखे गए मिले। पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि पशुओं को मालिक के कहने पर कत्ल के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कुल 13 गोवंश पशुओं को मुक्त कराया, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही करीब 8 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त की गई। कुल 9 लाख 30 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने लाखनी निवासी सचिन सुरेश वंजारी (उम्र 30), लाखनी निवासी हितेश गभणे (उम्र 30), सिल्ली निवासी मारुति गभणे, पानगांव निवासी मोनू हरिणखेडे (उम्र 30) के खिलाफ सालेकसा थाने में प्राणी क्रूरता निवारण अधिनियम तथा महाराष्ट्र पशुसंवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में पुलिस हवलदार संजय चौहान, सुबोध बिसेन, दिक्षितकुमार दमाहे, राकेश इंदूरकर, छगन विठ्ठले और हंसराज भांडारकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular