गोरेगांव में तनाव का माहौल, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
गोरेगांव, (गोंदिया) : गोरेगांव तहसील कार्यालय के पीछे स्थित तालाब में गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश का माहौल है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ नागरिक तहसील कार्यालय के पीछे स्थित तालाब की ओर गए थे। इस दौरान उन्हें तालाब में मृत गोवंश के अवशेष दिखाई दिए। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों ने गोवंश की हत्या कर उसके अवशेष तालाब में फेंक दिए।इस घटना से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का वातावरण बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही रेखलाल टेंभरे ने घटनास्थल पहुंचकर मामले का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गोमाता हिंदू समाज की आस्था का प्रतीक है और इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हैं। सूचना मिलते ही गोरेगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। Me mघटना के बाद नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की जा रही है।



