गोंदिया में आदिवासी दिवस पर निकाली महारैली
गोंदिया : 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर विश्व आदिवासी दिवस उत्सव समिति तथा विभिन्न आदिवासी संगठनों के माध्यम से शहर में महारैली निकाली गई. रैली में लगाए गए एक तीर एक कमान विश्व के आदिवासी एक समान, जय सेवा, जय आदिवासी, जय बिरसा मुंडा के नारों से शहर गुंज उठा. उल्लेखनीय है कि इस रैली में मांदर नृत्य, आदिवासी झांकी, छत्तीसगढ़ के चुरिया नृत्य, गोंडी नृत्य ने लोगों को आकर्षित किया.

ऑल इंडिया आदिवासी एम्प्लाईज फेडरेशन गोंदिया, गोंडवाना मित्र मंडल गोंदिया, आदिवासी हलबा/हलबी समाज संगठना, आदिवासी हलबा/हलबी कर्मचारी संगठना, नेशनल आदिवासी पिपल्स, वुमन्स, विद्यार्थी फेडरेशन गोंदिया, आदिवासी टायगर सेना गोंदिया, कंवर समाज संगठना गोंदिया, गोंदिया जिला जंगल कामगार सोसायटी, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद संगठना गोंदिया, बिरसा ब्रिगेड, गोंदिया, रानी दुर्गावती आदिवासी महिला मंडल गोंदिया, आफ्रोट संगठना गोंदिया, आदिवासी नगारची समाज संगठना व आदिवासी सोनझारी समाज संगठना के नेतृत्व में 9 आगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर रैली का आयोजन किया गया था. दोपहर 12 बजे शहर के नई प्रशासकीय इमारत, आंबेडकर चौक में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग इकठ्ठा़ हुए और रैली जयस्तंभ चौक से मनोहर चौक, आंबेडकर चौक, नेहरू चौक, गोरेलाल चौक, दुर्गा चौक, चांदनी चौक, गांधी प्रतिमा, जयस्तंभ चौक, उड्डान पुल होते हुए मरारटोली बस स्टैंड मार्ग से आंबेडकर भवन, मरारटोली में समाप्त हुई. रैली में उमड़े जनसैलाब ने जय सेवा, जय आदिवासी, जय बिरसा मुंडा के नारे लगाए. आदिवासी गीतों पर जनसैलाब झुम उठा. इसके बाद आंबेडकर भवन, मरारटोली में मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां उपस्थित सांसद राजेंद्र जैन, सांसद डा. नामदेवराव किसान, विधायक विनोद अग्रवाल, सेवानिवृत्त उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार पुराम, नेशनल आदिवासी पिपल्स फेडरेशन के अध्यक्ष करण टेकाम, विभागीय वन अधिकारी प्रीतमसिंग कोडापे, दुर्गाप्रसाद कोकोडे, अनिल वट्टी, अजय कोठेवार, जगदीश मडावी, एड. विवेक धुर्वे, नीलकंठ चिचाम सहित अन्य अतिथियों ने उपस्थित आदिवासियों को मार्गदर्शन किया. इस दौरान नगराध्यक्ष सचिन शेंडे, पार्षद सीमा कवास, पार्षद राहुल येल्ले, शिलाताई धानगाये का सत्कार किया गया. संचालन मीनाक्षी वट्टी ने किया व आभार संगिता पुसाम, ललिता ताराम ने माना.
जगह-जहग अल्पोहार व शीतल जल वितरित…
शहर में 9 अगस्त आदिवासी दिवस पर रैली निकाली गई. जिसमें सेकड़ों की संख्या में आदिवासी बंधु उपस्थित थे. रैली के दौरान चांदनी चौक, नगर परिषद, गांधी प्रतिमा के पास विधायक, पूर्व विधायक व सामाजिक संगठनों की ओर से आदिवासी समुदाय को अल्पोहार व शीतल जल वितरित किया गया.
रैली के प्रमुख आकर्षण…
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोंदिया शहर में आदिवासी बंधुओं द्वारा भव्य रैली निकाली गई. रैली में आदिवासी संस्कृति की झांकी, सांस्कृतिक नृत्य, ढेमसा नृत्य, मांदर नृत्य, ढोल-शहनाई वादन, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी नृत्य एवं कला तथा डीजे की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही. रैली के दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली.





