गोंदिया : गोंदिया शहर पुलिस थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के समीप स्थित राधिका लॉज में अनैतिक मानवीय व्यापार प्रतिबंधक कक्ष की टीम ने पंचों की मौजूदगी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लॉज में चार महिलाओं से कथित रूप से देह व्यापार कराया जाना सामने आया। पुलिस ने लॉज संचालक/मालिक को हिरासत में लेकर चार पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी के दौरान लॉज संचालक/मालिक जगदीश भामनानी (54), निवासी हेमू कॉलोनी चौक, यादव चौक, गोंदिया को महिलाओं से देह व्यापार कराते हुए पाए जाने का उल्लेख प्रेसनोट में किया गया है। पुलिस ने आरोपी तथा चारों महिलाओं को आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया। इस मामले में गोंदिया शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 807/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2)(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक प्रमोद भातनाते, नक्सल सेल गोंदिया तथा अनैतिक मानवीय व्यापार प्रतिबंधक कक्ष की म.स.पो.नि. मनीषा निकम, सहायक फौजदार जितेंद्र मिश्रा, पुलिस हवलदार बलराज लांजेवार, रूपेश सुखदेवे, महिला पुलिस हवलदार शिल्पा बडवाईक, पुलिस शिपाई रविंद्रकुमार मेश्राम, महिला पुलिस शिपाई मंजु बागडे तथा चालक महिला पुलिस शिपाई सुरेखा मेंढे ने की।





