आगामी त्योहारों से पहले तिरोड़ा पुलिस की कार्रवाई
गोंदिया : आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गोंदिया पुलिस ने तिरोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध हाथभट्टी शराब की बिक्री करने वाले तीन लोगों के खिलाफ बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की धारा 56 के तहत तीनों को एक माह के लिए तड़ीपार किया गया है। यह कार्रवाई 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस द्वारा की गई। विशाल उर्फ यशवंत धर्मकीर्ति सूर्यवंशी (38 वर्ष), निवासी मेहंदीपुर, तहसील तिरोड़ा, अहिंसात विठोबा सूर्यवंशी (53 वर्ष), निवासी मेहंदीपुर, तहसील तिरोड़ा एवं अनिल नानाजी कुकड़े (32 वर्ष), निवासी गुंडिटोला करटी, तहसील तिरोड़ा, जिला गोंदिया यह तड़ीपार किए गए आरोपियों के नाम हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि वे अवैध रूप से हाथभट्टी की शराब बेच रहे थे, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस के मुताबिक, इस गतिविधि के कारण पारिवारिक जीवन प्रभावित होने के साथ ही क्षेत्र में विवाद और झगड़ों की घटनाएं भी होती थीं। इसी पृष्ठभूमि में सार्वजनिक शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करने तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देशानुसार की गई। कार्रवाई में गोंदिया के उपविभागीय पुलिस अधिकारी गजानन गुल्हाने तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे का मार्गदर्शन रहा। इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में तिरोड़ा पुलिस थाने के थानेदार अमित वानखड़े, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस हवलदार प्रकाश गायधने, पुलिस अमलदार छगन विट्ठले, तिरोड़ा पुलिस थाने के प्रतिबंधात्मक कार्रवाई अमलदार पुलिस कांस्टेबल कैलास ठाकरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय, तिरोड़ा के पुलिस हवलदार नितेश गोस्वामी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गोंदिया पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।





