भिन्न भाषी साहित्य मंडल की मासिक कवि-गोष्ठी
गोंदिया : नये पुराने कवियों को एक मंच पर लाकर उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भिन्न भाषी साहित्य मंडल गोंदिया द्वारा विगत वर्षों से प्रतिमाह अबाध गति से आयोजित की जा रही है। मासिक कवि गोष्ठी की श्रंखला में अगस्त माह की कवि गोष्ठी नगर के प्रसिद्ध कवि ग़ज़लकार रूपचंद जुम्हारे के कुशल प्रभारी संयोजकत्व में ओबीसी रेलवे कर्मचारी असोसिएशन कार्यालय रेलवे स्टेशन के पास, रेलवे कालोनी में रविवार 31 अगस्त को दोपहर में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पं. बजरंग लाल शर्मा ने की। बतौर प्रमुख अतिथि वरिष्ठ कवि सुभाषचंद्र ठाकुर ( कातुर्ली), विशेष अतिथि मराठी भाषी युवा कवि किशोर कुमार मलेवार तिरोडा, मंच संचालक वरिष्ठ कवि रमेश शर्मा एवं प्रभारी संयोजक श्री जुम्हारे मंच पर उपस्थित थे। अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र का विधिवत पूजन किया। पश्चात मंचासीन अतिथियों का स्वागत निखिलेशसिंह यादव, चंद्रप्रकाश बनकर, अनिल मदारकर, किशनलाल सिंह गुरू आदि ने किया। वरिष्ठ कवि गीतकार शशि तिवारी ने नये अंदाज में माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। रमेश शर्मा के सधे हुए मंच संचालन में प्रथम कवि के रूप में वरिष्ठ कवि छगन पंचे छगन ने शुरुआत में ही सभी को आनंदित कर दिया। पश्चात जाने पहचाने कवि निखिलेशसिंह यादव, किशनलाल सिंह गुरु, के. डी. अरोरा, रूपचंद जुम्हारे, सुरेन्द्र जगने, किशोर मलेवार, प्रकाश मिश्रा, मनोज बोरकर मुसव्विर, सुभाषचंद्र ठाकुर, शशि तिवारी एवं रमेश शर्मा ने गीत, ग़ज़ल, मुक्तक, हास्य व्यंग्य एवं समसामयिक रचनाओं से गोष्ठी को गरिमा प्रदान की। गोष्ठी में श्री लखन चौरावार,श्री ओमप्रकाश शर्मा चुलेट,सुहर्षचन्द्र ठाकुर, गगन यादव, ओम खोड़े के साथ ही रसिक श्रोताओं की अच्छी उपस्थिति रही। आभार सचिव श्री मनोज एल. जोशी ने माना।



