गोंदिया : जिले के गोरेगांव तहसील अंतर्गत एनएनटीआर के सड़क अर्जुनी वन परिक्षेत्र के मुरदोली गांव स्थित एक खेत के कुएं में एक वयस्क बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना शनिवार, 11 जुलाई को शाम करीब 5 बजे सामने आई। सूचना मिलते ही वन विभाग ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मुरदोली निवासी किसान रोशनलाल कटरे अपने खेत (सर्वे क्रमांक 181) में फसल का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान उन्हें खेत के कुएं से दुर्गंध आने का आभास हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक बाघ का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत सड़क अर्जुनी वन परिक्षेत्र कार्यालय को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नवेगांव-नागझिरा टाइगर रिजर्व के उपसंचालक प्रीतमसिंह कोडापे के मार्गदर्शन में वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पंचनामा करने के बाद बाघ के शव को कुएं से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बाघ की मृत्यु किस कारण हुई, वह दुर्घटनावश कुएं में गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद मुरदोली एवं आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए खुले कुओं पर सुरक्षा जाल लगाने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।
“घटना की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन रात होने के कारण राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार मृत बाघ को रविवार सुबह कुएं से बाहर निकालकर नियमानुसार पंचनामा, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। जांच के बाद ही बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।”
— प्रीतमसिंह कोडापे
उपसंचालक, नवेगांव-नागझिरा टाइगर रिजर्व, गोंदिया



