समग्र ब्राम्हण सभा का भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह
गोंदिया : ब्राह्मण समाज को अब परंपरागत दायरों से निकलकर आर्थिक स्वावलंबन की ओर ध्यान देना चाहिए। वर्तमान में ‘अमृत’ की तरह सरकार की अनेक योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ उठाकर समाज के शिक्षित और जरूरतमंद युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करना चाहिए। उच्च शिक्षा के लिए भी योजनाएं है जिसका समाज बंधुओं ने लाभ लेना चाहिए। समाज की एकजुटता यह प्रगति की पहली सीढ़ी है। हमारे वेदों द्वारा दिए गए मंत्र शक्तिशाली और प्रभावी है और उनकी साधना अत्यंत जरूरी है, यह हम अपनी संतानों को सिखाए, ऐसे उदगार गोंदिया के उपजिलाधिकारी विजय अवधाने ने कहे।
वे समग्र ब्राम्हण समाज द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व पं सत्यनारायण मिश्रा की स्मृति मे आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह में बोल रहे थे। पं. अरुण दुबे की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर बालाघाट की जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मधु शुक्ला, समग्र ब्राम्हण सभा के संयोजक पं. निलेश चौबे, संयोजक अतुल दुबे, पं. विनय मिश्रा, पं. जगदीश मिश्रा, पं. देवेश मिश्रा उपस्थित थे। मधु शुक्ला ने अपनी ओजस्वी वाणी से समाजबंधुओं में उत्साह भर दिया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण भगवान परशुराम के वंशज हैं, जिनके एक हाथ में शास्त्र और दूसरे में शस्त्र का संतुलन है। हमें अपनी सोई हुई शक्तियों को फिर से जागृत करना होगा। यदि कोई समाज की उदारता को उसकी कमजोरी समझे या अन्याय करे, तो उसे प्रतिकार के माध्यम से अपने अस्तित्व का अहसास कराना अनिवार्य है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज अपनी संस्कृति और संस्कारों के माध्यम से पूरे राष्ट्र को मार्ग दिखाए। संयोजक निलेश चौबे ने अपने प्रास्ताविक भाषण में गौरव के साथ उल्लेख किया कि विगत 16 वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जो अब एक गौरवशाली परंपरा बन चुका है। यह आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सत्यनारायण मिश्रा की पावन स्मृति में किया गया, जिनकी जीवनी पर पं. अतुल दुबे ने प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे उन्होंने राष्ट्र सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। कार्यक्रम का संचालन पं. जयंत शुक्ला द्वारा किया गया। आभार पं. सचिन (बंटी) मिश्रा ने माना। समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम के पूजन, दीप प्रज्वलन से और समापन महाप्रसाद वितरण के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति थी।।
नवनिर्वाचित पार्षदों का सत्कार…

इस अवसर पर हाल ही में नगर परिषद चुनावों में अपनी सेवा भाव से विजय प्राप्त करने वाले पार्षदों का भव्य नागरिक सत्कार किया गया। इसमें श्रीमती निर्मला दिलीप मिश्रा (सभापति), विवेक दिनेश मिश्रा (भाजपा गुट नेता), राज मनोज शुक्ला (राकांपा गुट नेता), दुर्गा सुनील तिवारी, एड. सरिता संजीव कुलकर्णी, शिवकुमार शर्मा और नीति विनोद राय को शाल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जय परशुराम के जयकारों से गूंजी गोंदिया नगरी..

भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 19 अप्रैल को निकाली गई शोभायात्रा ने पूरे गोंदिया को ‘परशुराममय’ कर दिया। सिविल लाइन स्थित महिला समाज भवन से निकली इस भव्य शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज बंधु, मातृशक्ति और युवा वर्ग ने अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया। आकर्षक झाकियां, डीजे, ढोल-ताशे और ‘जय परशुराम’ के गगनभेदी जयकारों के बीच ब्राह्मणों की अटूट एकता प्रदर्शित हुई। इससे पूर्व 18 अप्रैल को आयोजित वाहन रैली और भजन संध्या ने धर्ममयी वातावरण निर्मित कर दिया था।





