मजदूरी के लिए तेलंगाना जा रहे थे श्रमिक; जिला अस्पताल में उपचार जारी
गोंदिया : गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के समीप सोमवार, 7 सितंबर की रात 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम समेत 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक और मजदूरों से भरे पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-15 टी-3495 से रोजगार की तलाश में तेलंगाना के जगतियाल और करीमनगर जा रहे थे। इसी दौरान नागरा गांव के पास गोंदिया की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-35 एजे-2547 ने पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार मजदूर वाहन में फंस गए। इस हादसे में 3 वर्षीय मासूम समेत 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से गोंदिया जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मासूम समेत छह लोगों ने गंवाई जान…
इस भीषण हादसे में आरुष मात्रे (3), निवासी सावरी, किरण संतोष वैद्ये (26), निवासी लोडाना, संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), दोनों निवासी किन्ही, रूपसेन सत्यकर (35) तथा ज्योति सत्यकर (32) की मौत हो गई। वहीं भूमेश्वर मात्रे (47), संगीता मात्रे (35), राजेंद्र पंचाले (30), लक्ष्मी पंचाल (27), संतोष वैद्ये (35), राकेश बाहे (24) तथा पिकअप चालक संदीप बाहे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए गोंदिया के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक साथ छह मौतों से क्षेत्र में शोक…
मजदूरी के लिए घर से निकले परिवारों पर रास्ते में ही मौत का कहर टूट पड़ा। एक ही क्षेत्र के छह लोगों की दर्दनाक मौत से बालाघाट और गोंदिया जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दुर्घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है।





