गोंदिया : गोरेगांव तहसील कार्यालय के पीछे स्थित नवीन तालाब में गायों के अवशेष मिलने से मचे हड़कंप के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आंबाटोली (घोटी) निवासी तोशिब हफीजअली सैय्यद (28), हनीफ रफीक शेख (45) और शाहिद इस्माईल शेख (29) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को नवीन तालाब क्षेत्र में घूमने गए कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे पशु अवशेषों पर पड़ी।नजदीक जाकर देखने पर वहां दो गायों की खोपड़ियां, हड्डियां और अन्य अवशेष दिखाई दिए। इनमें से एक खोपड़ी पर 106263706517 नंबर का टैग भी लगा हुआ था। इससे जानवरों की पहचान करने के लिए जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और पशु वैद्यकीय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना कर पंचनामा किया और अवशेषों के सैंपल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि यह गौ-हत्या घोटी के आंबाटोली निवासी तोसिब हफीजअली सैय्यद, हनीफ रफीक शेख व शाहिद इस्माईल शेख ने की है। जिसके आधार पर रविवार, 31 मई को उन्हें गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच गोरेगांव पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में की जा रही हैं।



