Friday, June 5, 2026

गोंदिया में भीषण अग्निकांड : बारदाना फैक्ट्री में आग, लाखों का सामान जलकर खाक

गोंदिया : शहर के शास्त्री वॉर्ड में स्थित व्यवसायी शैलेश अग्रवाल के बारदाना फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा प्लास्टिक बारदाना सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री इसकी चपेट में आ गई। यह घटना आज मंगलवार, 2 जून की सुबह 11 बजे के दौरान घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखे प्लास्टिक के पाइप, टाइल्स तथा अन्य उपयोगी सामग्री भी आग में जलकर पूरी तरह खाक हो गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही गोंदिया नगर परिषद की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू किए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी अपने दल-बल के साथ मौके पर तैनात रही। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग बुझाने का कार्य जारी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी आग की घटना…
गोंदिया शहर में मानो बारदाना गोदामों और फैक्ट्रियों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। कुछ दिन पूर्व ही शहर के फुलचूर क्षेत्र स्थित एक बारदाना गोदाम में भीषण आग लग गई थी, जिसमें लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया था। उस घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि मंगलवार, 2 जून की सुबह शास्त्री वॉर्ड स्थित बारदाना फैक्ट्री में लगी आग ने एक बार फिर भारी तबाही मचा दी। इस अग्निकांड में प्लास्टिक बारदाना, पाइप, टाइल्स तथा अन्य उपयोगी सामग्री आग की भेंट चढ़ गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। एक सप्ताह के भीतर बारदाना कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना होने से व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है।

सुरक्षा मानकों को लेकर उठ रहे सवाल….
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और गोदामों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल दोनों घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अल्प अवधि में हुई इन दो बड़ी आगजनी की घटनाओं ने शहरवासियों को चिंता में डाल दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular