सौंदड़ रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर के सामने की घटना
गोंदिया : सड़क अर्जुनी तहसील के सौंदड़ रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर के सामने बने ब्रेकर के पास ट्रेलर ने पीछे से आयशर ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक मौके पर ही पलट गया. यह घटना शनिवार, 24 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे घटित हुई. दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए. ट्रेलर चालक के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसे आगे के उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया, जबकि आयशर ट्रक के चालक को मामूली चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, आयशर ट्रक क्र. एमएच 40 – एके 4084 सौंदड़ रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर के सामने बने ब्रेकर के पास था. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर क्र. सीजी 12 – बीएच 6192 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में मुंबई निवासी ट्रेलर चालक नवीन प्रतापसिंग कालीरामन (32) के पैर में फ्रैक्चर हुआ है. उसे उपचार के लिए गोंदिया के अस्पताल में रेफर किया गया. वहीं, नागपुर के पारडी निवासी आयशर ट्रक चालक ऋषभ जनार्दन मडावी (26) को मामूली चोटें आई हैं. उसका उपचार सौंदड़ के अस्पताल में जारी है. फ्लाईओवर पर एकतरफा यातायात जारी रहने और घटनास्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के बीच ब्रेकर के पास हुए इस हादसे ने वाहन चालकों की सुरक्षा का मुद्दा फिर से सामने ला दिया है. इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को ब्रेकर के पास गति नियंत्रित रखने और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत है.





