देवरी, (गोंदिया) : देवरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानी दुर्गावती चौक में बुधवार रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। सड़क पार कर रहे दो बाइक सवारों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीजी-08 एए-7869 क्रमांक की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे सीजी-04 पीजी-7314 क्रमांक के ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक सवार नशे की हालत में थे। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान चंद्रभान उईके (40 वर्ष) एवं परमलाल पडौती (लगभग 35 वर्ष), दोनों निवासी बेलगांव, तहसील देवरी के रूप में हुई है। हादसे में दोनों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए देवरी के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए गोंदिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों के नंबरों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।



