Monday, August 24, 2026
spot_img
spot_img
spot_img

जिला परिषद स्कूलों को पहली बार 4 करोड़ के डेस्क-बेंच व फर्नीचर की सौगात

गोंदिया जि. परिषद की वर्षों पुरानी मांग को विधायक विनोद अग्रवाल ने दिलाई ऐतिहासिक मंजूरी
गोंदिया : इस वर्ष की सबसे बड़ी, ऐतिहासिक एवं उल्लेखनीय उपलब्धि यह है कि गोंदिया जिले के इतिहास में पहली बार समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए डेस्क-बेंच एवं अन्य आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु 4 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कराई गई है।
जिला परिषद के पदाधिकारियों, जिला परिषद सदस्यों, शिक्षकों, पालकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों द्वारा लंबे समय से जिला परिषद स्कूलों में डेस्क-बेंच की भारी कमी का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा था। जिला परिषद की सामान्य सभा, विभिन्न बैठकों, ग्रामीण दौरों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक श्री विनोद अग्रवाल से बार-बार आग्रह किया कि विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक बैठकर शिक्षा प्राप्त करने हेतु स्कूलों में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने इस जनहित के विषय को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की मांग भी की। जिला परिषद पदाधिकारियों एवं सदस्यों की इस सामूहिक मांग और ग्रामीण विद्यार्थियों की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री विनोद अग्रवाल ने इस विषय को केवल फर्नीचर उपलब्ध कराने का मुद्दा नहीं, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों के सम्मान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान शैक्षणिक अवसरों से जुड़ा विषय मानते हुए शासन स्तर पर निरंतर एवं प्रभावी पैरवी की। उन्होंने इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष रखकर गोंदिया जिले के लिए विशेष निधि की मांग की। शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को सकारात्मक समर्थन प्राप्त हुआ और विधायक के अथक प्रयासों के फलस्वरूप गोंदिया जिले के लिए पहली बार 4 करोड़ रुपए की स्वतंत्र फर्नीचर निधि मंजूर हुई। जिले की अनेक जिला परिषद शालाओं में वर्षों से विद्यार्थी डेस्क-बेंच के अभाव में जमीन पर अथवा अत्यंत असुविधाजनक परिस्थितियों में अध्ययन करने को विवश थे। अब इस निधि से हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक डेस्क-बेंच उपलब्ध होंगे, जिससे उन्हें सम्मानपूर्वक बैठकर अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी तथा शालाओं का शिक्षण वातावरण अधिक सुव्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रेरणादायी बनेगा। यह स्वीकृति केवल 4 करोड़ की आर्थिक मंजूरी नहीं, बल्कि जिला परिषद पदाधिकारियों एवं सदस्यों की वर्षों पुरानी मांग, ग्रामीण जनता की अपेक्षाओं, विधायक श्री विनोद अग्रवाल के प्रभावी नेतृत्व तथा शासन के सकारात्मक सहयोग का परिणाम है। इससे गोंदिया जिले के हजारों विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक शिक्षण व्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

आधारभूत समस्याओं का समाधान…
इसी स्वीकृति के अंतर्गत 16 जिला परिषद स्कूलों में 34 नवीन कक्षाओं के निर्माण हेतु 5.27 करोड़ तथा 16 जिला परिषद स्कूलों में प्रमुख मरम्मत कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि भी मंजूर की गई है। इससे अनेक शालाओं की वर्षों पुरानी आधारभूत समस्याओं का समाधान होगा और विद्यार्थियों को अधिक सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि…
विशेष उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में गोंदिया जिले की जिला परिषद स्कूलों के लिए न तो नए कक्ष निर्माण और न ही प्रमुख मरम्मत कार्यों की कोई स्वीकृति प्राप्त हुई थी। ऐसे समय में विधायक श्री विनोद अग्रवाल के निरंतर प्रयासों से एक ही वर्ष में 34 नवीन कक्ष, 16 शालाओं के प्रमुख मरम्मत कार्य तथा पहली बार 4 करोड़ का फर्नीचर स्वीकृत होना जिले के शिक्षा क्षेत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular