भाजयुमो की विस्तारित बैठक में संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर जोर
गोंदिया : युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की सबसे ऊर्जावान और गतिशील शक्ति है। आगामी चुनावों में प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करना होगा। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सेवा, सुशासन और विकास की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया, जनसंपर्क, सेवा कार्यों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का तथा हर कार्यकर्ता अपने बूथ को पार्टी का सबसे मजबूत बूथ बनाने का संकल्प लेकर कार्य करे, ऐसा आह्वान भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गोंदिया जिला द्वारा शहर के अग्रसेन भवन हॉल में बुधवार, 5 अगस्त को आयोजित विस्तारित बैठक में वे बोल रहे थे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सीताताई रहांगडाले, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, महामंत्री पंकज रहांगडाले, नरेन्द्र वाजपेयी, हर्षकुमार मोदी, आशीष बारेवार आदि की उपस्थिति रही। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सशक्त बनाने, पार्टी विस्तार अभियान को गति देने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। इस अवसर पर पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, सक्रिय कार्यकर्ता निर्माण, युवा नेतृत्व को अवसर प्रदान करने तथा प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने का संकल्प दोहराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047 के संकल्प तथा जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया। राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ सुनिश्चित कराने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा गोंदिया जिलाध्यक्ष सीताताई रहांगडाले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। राज्य सरकार भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक लोककल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर आमजन को उनसे जोड़ें तथा संगठन की रीति-नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा को समाज में और अधिक मजबूत करें। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, सेवा गतिविधियों, युवा सम्मेलन, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान तथा चुनावी तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाकर पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर युवामोर्चा के मंडल व जिला पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ पक्ष का नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। बैठक को सफल बनाने मनोज बोपचे, पुष्पराज जनबन्धु, अभय मानकर, इंद्रजीत भाटिया, संतोष कटरे, विक्की बघेले, कमलेश चुटे सहित सभी मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने प्रयास किया।





