दो आरोपी गिरफ्तार, दो विधिसंघर्ष बालकों की भी संलिप्तता
गोंदिया : मुंडीपार एमआईडीसी क्षेत्र में मजदूर रविशंकर उदेलाल रहांगडाले (58) की धारदार हथियार से हत्या के मामले का स्थानीय अपराध शाखा (LCB) गोंदिया ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, हत्या जादूटोने के शक और इसी बात को लेकर उपजे विवाद के चलते की गई। इस मामले में पुलिस ने जितेंद्र कोहळे (45) और कमलेश अशोक नेवारे (19), दोनों निवासी टॉवरटोली, मुंडीपार, को हिरासत में लिया है। दो विधिसंघर्ष बालकों की संलिप्तता भी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुंडीपार निवासी रविशंकर रहांगडाले 22 सितंबर की शाम करीब 7.45 बजे मोटरसाइकिल से एमआईडीसी स्थित व्यंकटेश राइस मिल में रात्रि पाली के काम पर जा रहे थे। इसी दौरान चमड़ा फैक्ट्री के सामने अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के संबंध में गंगाझरी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोंदिया गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक द्वारा जादूटोना किए जाने की चर्चा गांव में थी और कुछ लोगों में इसे लेकर उसके प्रति रोष था। पुलिस ने संदेह के आधार पर मुंडीपार निवासी कमलेश नेवारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि उसके परिवार में हुई मौतों तथा परिजनों की बार-बार खराब हो रही तबीयत के लिए मृतक को जिम्मेदार मानते हुए उसके प्रति नाराजगी थी। पुलिस का दावा है कि इसी कथित अंधविश्वास के चलते कमलेश नेवारे, जितेंद्र कोहळे और दो विधिसंघर्ष बालकों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम आरोपी एमआईडीसी रोड पर पत्थर कंपनी के पास घात लगाकर बैठे थे। रविशंकर मोटरसाइकिल से वहां से गुजरने पर आरोपियों ने उनका पीछा किया और चमड़ा फैक्ट्री के सामने उन्हें रोक लिया। कथित तौर पर पहले हथौड़े से हमला कर उन्हें मोटरसाइकिल समेत नीचे गिराया गया और बाद में कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने जितेंद्र कोहळे (45) और कमलेश अशोक नेवारे (19), दोनों निवासी टॉवरटोली, मुंडीपार, को हिरासत में लिया है। दो विधिसंघर्ष बालकों की संलिप्तता भी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही गई है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाझरी पुलिस के हवाले किया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, तिरोड़ा उपविभागीय पुलिस अधिकारी गजानन गुल्हाणे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा और गंगाझरी पुलिस की टीम ने जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





