गोंदिया : गोरेगांव तहसील अंतर्गत कलपाथरी जंगल क्षेत्र में बाघ के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार की दोपहर करीब 3.30 बजे हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान कलपाथरी निवासी संतोष धुलेसर खरखाटे (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार संतोष शुक्रवार सुबह अपने पशुओं के लिए चारा लेने गांव से लगे जंगल क्षेत्र में गया था। इसी दौरान जंगल में मौजूद बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ युवक को काफी दूर तक घसीटकर ले गया। बताया जा रहा है कि शव जंगल के भीतर एक पलाश के पेड़ के समीप झाड़ियों में मिला, जहां बाघ ने उसे छिपाने का प्रयास किया था। जब संतोष लंबे समय तक घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में खून के धब्बे और संघर्ष के निशान दिखाई दिए। इसके आधार पर आगे तलाश करने पर झाड़ियों के बीच संतोष का शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वनरक्षक एन. एम. शेलगावे एवं बीट सहायक रवी धुर्वे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा वन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। इस घटना के बाद कलपाथरी और आसपास के गांवों के लोगों ने वन विभाग से बाघ की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।



