ग्रामीण पोलिस की बडी कारवाई
गोंदिया : नए साल के जश्न, आगामी नगर परिषद व नगर पंचायत चुनावों के बीच जिले में शांति व सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. ग्रामीण थाने की सीमा के अंदर अनेवाले दो अपराधि गिरोह के कुल 9 शातिर अपराधियों को दो महीने के लिए जिले से तड़ीपार कर दिया गया है.
पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद बढ़ते अपराध पर रोक लगाना, अपराधियों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना और जनता को कानून-व्यवस्था के बारे में एक कड़ा संदेश देना है. ग्रामीण थाना सीमा के अंतर्गत आने वाले पहले गिरोह के मुखिया बरबसपुरा निवासी इंद्रपाल रूपचंद दमाहे (50) और इसके सदस्य भवरलाल साहेबलाल दमाहे (38), कांतिलाल इंद्रपाल दमाहे (20), मिथुन इंद्रपाल दमाहे (28) और सुदर्शन नेवालाल मछिराके (25) है. इस गिरोह के खिलाफ 2015 और 2016 में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय दंड संहिता, पॉक्सो अधिनियम और महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के तहत कुल 15 गंभीर अपराध दर्ज किए गए हैं. उनके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है. जबकि दूसरे गिरोह के खिलाफ निषेध अधिनियम के तहत 16 मामले दर्ज किए गए हैं. दूसरे गिरोह का मुखिया आसोली निवासी देविंद्राबाई वसंत खरोले (60) है और प्रवीण वसंत खरोले (33), प्रदीप उर्फ मोटू शिवन गणवीर (30) और सुदेश ज्ञानीराम गडपायले (50) इसके सदस्य हैं. इस गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र शराब बंदी अधिनियम के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बानकर, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में प्रतिबंधक विभाग महिला पुलिस उपनिरीक्षक वनिता सायकर, हवलदार गायधने, सिपाही छगन विठ्ठले, पुलिस निरीक्षक सिंगनजुडे, हवलदार सोनटक्के, राऊत, उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय के हवलदार पठान ने की.





