Monday, June 22, 2026

शानदार मकान अपने लिए, गंदगी मोहल्ले वालों के लिए!

दो वर्षों से निर्माण कार्य जारी, सड़क एवं नाली जाम होने से रहवासी परेशान; श्रीनगर का मामला
गोंदिया : शहर के श्रीनगर स्थित प्रभाग क्रमांक 21 में मालवीय स्कूल के सामने वाली गली में पिछले 2 वर्षों से चल रहे मकान निर्माण कार्य के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संजय पांडे के घर के सामने रेत और मलबे के कारण परिसर में गंदगी का माहौल बना हुआ है तथा नालियां जाम हो गई हैं। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि मकान मालिक द्वारा लंबे समय से सड़क में रेती और मलबा जमा कर रखा गया है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि नाली में मलबा जमा होने से बरसात के मौसम में नाली का पानी नहीं निकल पा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या होती है। नागरिकों का कहना है कि कई बार मकान मालिक से सामग्री हटाने और परिसर की सफाई बनाए रखने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार अनदेखी के कारण मोहल्लेवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण सामग्री हटवाने, जाम नालि की सफाई कराने तथा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपना घर बनाना हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर पूरे मोहल्ले को परेशानी में डालना उचित नहीं है। परिसर के संजय पांडे, गजानन लिल्हारे, शिवकुमार श्रीवास्तव, प्रकाश बनोटे, मोहन बनोटे, प्रशांत सारंगपुरे, नंदनवार जी, वीणादेवी श्रीवास्तव, स्मिता सारंगपुरे, कीर्ति लिल्हारे, सुभद्रा करंडे, ज्योती बनोटे, ओमेश्वरी बनोटे आदि नागरिकों ने प्रशासन से जल्द समाधान की अपेक्षा जताई है।

प्रशासन का नहीं भय…

एक ओर नगर परिषद प्रशासन पूरे गोंदिया शहर में मानसून पूर्व नालों और नालियों की सफाई अभियान चला रहा है। बड़े नालों की सफाई जेसीबी मशीनों के माध्यम से कराई जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रभाग क्रमांक 21 स्थित मालवीय स्कूल के सामने वाली गली में चल रहे मकान निर्माण कार्य के मलबे से नाली जाम होने के बावजूद अब तक उसकी सफाई नहीं कराई गई है। सड़क पर फैली रेत और गंदगी के कारण मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाने और आग्रह करने के बाद भी मकान मालिक की ओर से कोई पहल नहीं की गई। इससे साफ प्रतीत होता है कि संबंधित व्यक्ति को नगर परिषद प्रशासन की कार्रवाई का भी कोई भय नहीं है।

बोलने पर भी नहीं दिया रिस्पॉन्स…
प्रभाग क्रमांक 21 को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी नगर परिषद के सुपरवाइजर और सफाई कर्मियों की है। मानसून पूर्व क्षेत्र की सभी नालियों की सफाई कराई गई थी। मोहल्लेवासियों की शिकायत पर पांडे जी के सामने निर्माण कार्य करा रहे मकान मालिक को दो से तीन बार नाली साफ कराने के लिए कहा गया, लेकिन इस संबंध में कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके कारण नाली जाम रहने से स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजा महावत, सुपरवाइजर नप, प्रभाग क्रमांक 21

अनेक लोग हुए हादसे के शिकार…
मकान निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री, जैसे रेत, गिट्टी और मलबा, नियमानुसार रास्ते के किनारे व्यवस्थित रूप से रखा जाना चाहिए। लेकिन पिछले दो वर्षों से चल रहे इस निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। रेत और गिट्टी सड़क पर बिखरी रहने से कई महीनों से आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके कारण कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। बावजूद इसके, सड़क पर फैली रेत को समेटने और व्यवस्था सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया गया है।
मालती गजानन लिल्हारे, निवासी

मकान मालिक की अनदेखी से बढ़ी परेशानी…
मालवीय स्कूल के सामने वाली गली में संजय पांडे के घर के सामने पिछले लगभग दो वर्षों से चल रहा मकान निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क पर रेत बिखरी हुई है और आसपास गंदगी फैली हुई है। निर्माण कार्य इंजीनियर और ठेकेदार की देखरेख में किया जा रहा है, लेकिन मकान मालिक और ठेकेदार की अनदेखी के कारण नागरिकों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
धनपाल करंडे, निवासी, श्रीनगर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular