अधिकारीयों को निर्देश : कांग्रेस कमिटी की महत्त्वपूर्ण बैठक
गोंदिया : तिरोडा स्थित विश्रामगृह में सोमवार को नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सड़कों की जर्जर हालत, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और जलजीवन मिशन के अधूरे कार्यों की समीक्षा की गई। खासदार प्रशांत पडोले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए ताकि आमजन को सुविधा मिल सके। बैठक में सबसे पहले तिरोडा क्षेत्र की सड़कों की दुरवस्था पर चर्चा हुई। सार्वजनिक बांधकाम विभाग के अधिकारियों को तुरंत मरम्मत का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जलजीवन मिशन के अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर सुझाव रखे गए। भंडारा गोंदिया के खासदार प्रशांत पडोले ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में तिरोडा तहसीलदार एन.एम. ठाकरे, पंचायत समिति के खंडविकास अधिकारी अरुण गिरीपुंजे और नगर परिषद के मुख्याधिकारी को निर्देश दिए कि वे जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्काल कदम उठाएँ। साथ ही कार्यों की प्रगति पर नियमित समीक्षा करने को कहा गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमिटी गोंदिया के अध्यक्ष दिलीप बनसोड, तहसील अध्यक्ष रमेशजी टेंभरे, शहर अध्यक्ष पवन मोरे, राधेलाल पटले, रमेश पटले, वाय.टी. कटरे, ओमजी पटले, निर्मोद पटले, लक्ष्मीकांत दुबे और सौरभ चव्हाण सहित अनेक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।





