Saturday, June 6, 2026

लाख व्यवसायी की निर्मम हत्या, बोरगांव स्थित झाडीदार जंगल में मिला शव; क्षेत्र में सनसनी

गोंदिया : गोरेगांव तहसील के बोरगांव स्थित झाड़ीदार जंगल क्षेत्र में लाख व्यवसायी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने व्यवसायी के सिर और चेहरे पर डंडे जैसी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना शनिवार तड़के उजागर होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गोरेगांव तहसील के बाघोली निवासी बाबूलाल दुलीचंद पटले (60) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबूलाल पटले 5 जून की सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से लाख खरीदने के लिए घर से निकले थे। लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटे। इसी दौरान गांव के नवरलाल सोनवणे ने परिजनों को बताया कि पटले की मोटरसाइकिल बोरगांव के खेत-शिवार क्षेत्र में खड़ी दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 12:30 बजे बोरगांव के झाड़ीदार जंगल क्षेत्र में सड़क से लगभग 200 मीटर अंदर बाबूलाल पटले का शव मिला। शव की जांच करने पर उनके चेहरे, कान और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मृतक के पुत्र अमित बाबूलाल पटले (30) ने गोरेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा डंडे जैसी वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही गोरेगांव थाना प्रभारी चंद्रकांत काळे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोरेगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत काळे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत भुते द्वारा की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_imgspot_img

और पढ़ें

Most Popular